-
☰
मध्य प्रदेश: बांधवगढ़ में मिला 8 से 10 साल के नर बाघ का शव, मौत की वजह साफ नहीं
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक नर बाघ मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। बाघ का शव मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में मिला।
विस्तार
मध्य प्रदेश: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक नर बाघ मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। बाघ का शव मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में मिला। वन विभाग के अनुसार मृत बाघ की उम्र करीब 8 से 10 वर्ष आंकी गई है। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच शुरू कराई गई। जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर को दोपहर बाद नियमित पैदल गश्त के दौरान बीट प्रभारी और सुरक्षा श्रमिक की नजर बाघ के शव पर पड़ी। सूचना मिलने के बाद मानपुर के सहायक संचालक और वन परिक्षेत्र अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की घेराबंदी कर साक्ष्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके बाद शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। मेटल डिटेक्टर और वन विभाग की टीम की मदद से घटनास्थल के साथ आसपास के जंगल में भी तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, इस दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि या महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने नहीं आया। 19 नवंबर को पशु चिकित्सकों डॉ. अभय सेंगर और डॉ. विपिन चन्द्र आदर्श ने निर्धारित नियमों के तहत बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया। जांच में उसके सभी अंग, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए। पोस्टमार्टम के दौरान जरूरी नमूने भी एकत्र किए गए। इसके बाद विभागीय प्रोटोकॉल के अनुसार बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस कार्रवाई के दौरान रीवा वृत्त के वन संरक्षक अनुराग कुमार, बांधवगढ़ के उप संचालक योहान कटारा, एनटीसीए प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति सहित वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वन विभाग के मुताबिक, फिलहाल बाघ की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ नियमित गश्त जारी है।
मध्य प्रदेश: संत हिरदाराम साहिब जी के नाम पर धर्मशाला निर्माण की पहल करेगी बजरंग सेना समिति
उत्तर प्रदेश: स्वामी गीतानंद महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर संतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
गुजरात: साडाऊ गांव के विकास को नई गति दे रहे सरपंच अजीजभाई जुनेजा, गांव को आदर्श बनाने का लक्ष्य
गुजरात: निजामुद्दीन के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पर DKFFJ ने जताया आभार