-
☰
मध्य प्रदेश: पेंशनर्स की लंबित मांगों पर हुई चर्चा, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: भोपाल हित रक्षक संघ प्रदेश कार्यकारिणी और पूर्व क्षेत्र कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के बीच 17 नवंबर 2026 को द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: भोपाल हित रक्षक संघ प्रदेश कार्यकारिणी और पूर्व क्षेत्र कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के बीच 17 नवंबर 2026 को द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं, कर्मचारियों की सेवा संबंधी मांगों और लंबित भुगतान के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में हित रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, कार्यवाहक अध्यक्ष आरडी मिश्रा, उपाध्यक्ष आशुतोष अवस्थी एवं बीएल पटेल, कोषाध्यक्ष डीके डाले, सचिव सुनील गार्गव और प्रचार सचिव आरबी बैस शामिल हुए। कंपनी की ओर से सीजीएम (एचआर) एमए कुरैशी सहित स्थापना, वित्त, पेंशन, लेखा और कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पेंशन की शासकीय गारंटी, ट्रेजरी के माध्यम से भुगतान, केंद्र सरकार द्वारा घोषित दर एवं तिथि से महंगाई राहत देने, 1 जनवरी 2024 से ग्रेच्युटी की सीमा 25 लाख रुपये करने तथा मध्य प्रदेश सिविल सर्विस पेंशन नियम 2026 को अपनाने की मांग रखी गई। इसके साथ ही वर्क चार्ज सेवा अवधि को उच्च वेतनमान की गणना में शामिल करने, चतुर्थ उच्च वेतनमान वर्ष 2016 से लागू करने और पांच वर्ष के अंतराल की शर्त हटाने पर चर्चा हुई। पेंशनर्स को 32 माह और 27 माह के वेतन पुनरीक्षण एरियर का भुगतान, कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस योजना की कमियों को दूर कर फंड जारी करने, रीइंबर्समेंट का शीघ्र भुगतान तथा सुदूर क्षेत्रों और अन्य राज्यों में नेटवर्क अस्पतालों की संख्या बढ़ाने की मांग भी उठाई गई। बिना नेटवर्क वाले अस्पतालों में उपचार कराने पर भुगतान की गारंटी देने और को-पे सुविधा लागू करने का विषय भी बैठक में रखा गया। इसके अलावा 30 जून एवं 31 दिसंबर को देय इंक्रीमेंट और एरियर का भुगतान सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार करने, 80 वर्ष की आयु प्रारंभ होते ही अतिरिक्त पेंशन देने, कम्यूटेशन पेंशन की रिकवरी वित्त विभाग के परिपत्र के अनुसार करने तथा पेंशनर्स की व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान करने पर चर्चा की गई। संघ ने कार्यालय सहायकों की वेतन विसंगति 1 अप्रैल 1989 से सुधारने, अनुकंपा नियुक्ति वाले कर्मचारियों को नियमित करने, वेलफेयर सेंटरों का रखरखाव बेहतर बनाने और लाइफ सर्टिफिकेट के लिए संभागीय एवं सर्किल स्तर पर शिविर आयोजित करने सहित कई मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। बैठक में कंपनी स्तर पर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। संघ के अनुसार, बैठक के मिनट्स प्राप्त होने के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे। शेष कंपनियों के साथ भी शीघ्र बैठकें आयोजित की जाएंगी। हित रक्षक संघ ने पेंशनर्स की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयास जारी रखने की बात कही।
मध्य प्रदेश: संत हिरदाराम साहिब जी के नाम पर धर्मशाला निर्माण की पहल करेगी बजरंग सेना समिति
उत्तर प्रदेश: स्वामी गीतानंद महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर संतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
गुजरात: साडाऊ गांव के विकास को नई गति दे रहे सरपंच अजीजभाई जुनेजा, गांव को आदर्श बनाने का लक्ष्य
गुजरात: निजामुद्दीन के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पर DKFFJ ने जताया आभार