-
☰
उत्तर प्रदेश: स्वामी गीतानंद महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर संतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: वृंदावन स्वामी गीतानंद महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर गांधी मार्ग स्थित गीता आश्रम में पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: वृंदावन स्वामी गीतानंद महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर गांधी मार्ग स्थित गीता आश्रम में पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संतों, विद्वानों और गणमान्य लोगों ने महाराज श्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके सेवाभावी कार्यों और समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वामी गीतानंद महाराज के विचार और उनके दिखाए मार्ग आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समारोह में संतों ने कहा कि स्वामी गीतानंद महाराज ने अपने जीवन में सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक मूल्यों को प्राथमिकता दी। उन्होंने देश की राजनीति को भी नई दिशा देने का प्रयास किया था। उनके आदर्शों पर चलते हुए महामंडलेश्वर डॉ. अवशेषानंद महाराज आज भी उनके अधूरे सपनों को पूरा करने में जुटे हैं। संतों ने कहा कि भले ही महाराज श्री की 22वीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है, लेकिन उनके कार्य और विचार आज भी समाज को प्रेरणा और मार्गदर्शन दे रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति एस.एस. कुलश्रेष्ठ ने भावुक होकर स्वामी गीतानंद महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि महाराज श्री के सेवाभावी कार्यों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। पुष्पांजलि समारोह में संत गोविंदानंद तीर्थ महाराज, स्वामी रामदेवानंद महाराज, स्वामी नवल गिरी महाराज, स्वामी सुरेशानंद परमहंस, स्वामी रमेशानंद महाराज, स्वामी आदित्यानंद महाराज, स्वामी अदैत मुनि महाराज, डॉ. मनोज मोहन शास्त्री, डॉ. अनुराग कृष्ण पाठक, पार्षद राधाकृष्ण पाठक सहित गंगा मंदिर पानीपत से आए निरंजन पाराशर, अनूप शर्मा और निर्मल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। गीता आश्रम की ओर से स्वामी डॉ. अवशेषानंद महाराज ने सभी अतिथि संतों और विद्वानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वामी गीतानंद महाराज द्वारा शुरू किए गए सभी सेवा कार्य निरंतर जारी हैं और भविष्य में भी उन्हें आगे बढ़ाया जाता रहेगा। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में महाराज श्री के शिष्य पहुंचे और उन्होंने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन आचार्य राजेंद्र द्विवेदी एवं पंडित निर्मल द्विवेदी ने किया।