-
☰
मध्य प्रदेश: ‘जागृति’ के संदेश के साथ संपन्न हुआ 79वां निरंकारी संत समागम, 126 जोड़े सामूहिक विवाह में बंधे
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: भोपाल प्रेम, भक्ति, सेवा और मानव एकत्व का संदेश लेकर 79वां वार्षिक निरंकारी संत समागम हरियाणा के समालखा स्थित निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित किया गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: भोपाल प्रेम, भक्ति, सेवा और मानव एकत्व का संदेश लेकर 79वां वार्षिक निरंकारी संत समागम हरियाणा के समालखा स्थित निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की पावन उपस्थिति में हुए इस चार दिवसीय आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल हुए। भोपाल जोन से भी हजारों भक्तों ने पहुंचकर सतगुरु के दर्शन किए और आध्यात्मिक संदेशों का लाभ लिया। इस वर्ष समागम का मुख्य विषय ‘जागृति’ रखा गया था। पहले दिन मानवता के नाम संदेश देते हुए सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि वास्तविक आध्यात्मिक जागृति तभी संभव है, जब व्यक्ति अपने जीवन में हर पल परमात्मा की उपस्थिति का अनुभव करे। उन्होंने ब्रह्मज्ञान को जागृति की शुरुआत बताते हुए सत्संग की शिक्षाओं को व्यवहार में उतारने, प्रेम और विनम्रता अपनाने तथा अहंकार और निंदा से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में देशभर से आए पत्रकारों को समागम के उद्देश्यों, आध्यात्मिक विचारधारा और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। समागम के दूसरे दिन सेवादल रैली आयोजित की गई, जिसमें देश-विदेश से आए हजारों सेवादल भाई-बहनों ने हिस्सा लिया। शारीरिक व्यायाम, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लघु नाटिकाओं के माध्यम से अनुशासन, सहयोग और निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया। इस दौरान मिशन के शांति और एकत्व के प्रतीक श्वेत ध्वज का ध्वजारोहण भी हुआ। सतगुरु माता जी ने सेवादल को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी दिन निरंकारी राजपिता रमित जी ने भी ब्रह्मज्ञान, प्रेम और समर्पण को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। चिश्ती फाउंडेशन की ओर से सतगुरु माता जी को ग्लोबल पीस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। समागम में आयोजित निरंकारी प्रदर्शनी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। आधुनिक तकनीक से तैयार इस प्रदर्शनी को मुख्य प्रदर्शनी, बाल प्रदर्शनी और संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (एसएनसीएफ) प्रदर्शनी सहित तीन हिस्सों में बांटा गया था। इनके माध्यम से मिशन की आध्यात्मिक शिक्षाओं, सामाजिक सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रदर्शित किया गया। तीसरे दिन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने हर परिस्थिति में परमात्मा के प्रेम में स्थिर रहने को सच्ची जागृति बताया। निरंकारी राजपिता रमित जी ने परिस्थितियों के अनुरूप सकारात्मक प्रयास करने और जिन्हें बदलना संभव न हो, उन्हें सहजता से स्वीकार करने की सीख दी। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी सतगुरु माता जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समागम स्थल पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर, आवास, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 8 एलोपैथिक और 6 होम्योपैथिक डिस्पेंसरी, 15 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तथा 15 आईसीयू सुविधाओं वाला 120 बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल बनाया गया। आपातकालीन सेवाओं के लिए मिशन की 12 और हरियाणा सरकार की 30 एम्बुलेंस तैनात रहीं, जिनमें 15 वेंटिलेटर युक्त थीं। इसके अलावा परिसर में चार स्थानों पर लंगर और 22 कैंटीनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भोजन एवं अल्पाहार उपलब्ध कराया गया। समागम के चारों दिन आयोजित कवि दरबार में भी बड़ी संख्या में कवियों ने भाग लिया। बाल, महिला और पुरुष वर्ग के कुल 80 कवियों ने ‘जागृति’ विषय पर हिंदी, राजस्थानी, पंजाबी, अंग्रेजी, हरियाणवी, मुल्तानी, मराठी, भोजपुरी और संस्कृत सहित विभिन्न भाषाओं में स्वरचित कविताएं प्रस्तुत कीं। चौथे और अंतिम दिन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने ब्रह्मज्ञान को विचारों, व्यवहार और कर्मों में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही चार दिवसीय समागम का समापन प्रेम, भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। 126 जोड़ों ने सामूहिक विवाह में लिया हिस्सा समागम के समापन के बाद सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता रमित जी की उपस्थिति में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 126 नवयुगलों ने सादगीपूर्ण तरीके से विवाह कर नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में पारंपरिक जयमाला और निरंकारी सांझा-हार की रस्में निभाई गईं। मिशन की प्रधान राजकुमारी जी और अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने नवविवाहित जोड़ों को सांझा-हार पहनाकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद हिंदी में निरंकारी लावों का गायन हुआ। सतगुरु माता जी और निरंकारी राजपिता जी ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। सतगुरु माता जी ने नवविवाहित जोड़ों को संदेश दिया कि वैवाहिक जीवन में पति-पत्नी दोनों को समान रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। प्रेम, विश्वास और आपसी तालमेल के साथ हर परिस्थिति का सामना करते हुए एक-दूसरे का सहयोग करना ही सफल दांपत्य जीवन का आधार है। संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित इस समारोह में बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के अलावा ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड तथा कनाडा से आए जोड़ों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार 79वां वार्षिक निरंकारी संत समागम आध्यात्मिक जागृति, मानवता, सेवा, प्रेम और एकत्व का संदेश देकर संपन्न हुआ। वहीं, विभिन्न राज्यों और देशों के 126 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह समानता और वैश्विक भाईचारे की मिसाल बना।
मध्य प्रदेश: संत हिरदाराम साहिब जी के नाम पर धर्मशाला निर्माण की पहल करेगी बजरंग सेना समिति
उत्तर प्रदेश: स्वामी गीतानंद महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर संतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
गुजरात: साडाऊ गांव के विकास को नई गति दे रहे सरपंच अजीजभाई जुनेजा, गांव को आदर्श बनाने का लक्ष्य
गुजरात: निजामुद्दीन के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पर DKFFJ ने जताया आभार