-
☰
Murder Crime News: ज़मीन विवाद में हुई बुजुर्ग की मौत, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जैन समाज ने किया प्रदर्शन
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: उदयपुर जिले के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित सुंदरवास ओस्तवाल नगर में जमीन और निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
विस्तार
राजस्थान: उदयपुर जिले के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित सुंदरवास ओस्तवाल नगर में जमीन और निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मारपीट में 65 वर्षीय सागरमल मेहता की गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ हैं। पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी एडवोकेट प्रवीण सिंह आसोलिया फरार बताया जा रहा है। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम पुलिस के अनुसार मृतक सागरमल मेहता मूल रूप से खेरोदा के रहने वाले थे और वर्तमान में ओस्तवाल नगर में रह रहे थे। घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक के मकान के पीछे एडवोकेट प्रवीण सिंह आसोलिया का निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप है कि निर्माण के दौरान निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था और आवश्यक सेटबैक नहीं छोड़ा गया था। इस पर सागरमल मेहता ने आपत्ति दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने पर उदयपुर विकास प्राधिकरण ने पहले निर्माण कार्य रुकवाया था, लेकिन बाद में अदालत से राहत मिलने के बाद निर्माण दोबारा शुरू कर दिया गया। मारपीट के बाद हुई मौत, पुलिस ने शुरू की तलाश बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि एडवोकेट प्रवीण सिंह आसोलिया, उसके रिश्तेदार अनुराग राव और एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर सागरमल मेहता के साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते उनकी जान चली गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी की करी मांग घटना के बाद जैन समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाज के लोग एमबी अस्पताल की मोर्चरी और प्रतापनगर थाने के बाहर एकत्र हुए तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।