-
☰
Marital Dispute: चरित्र पर शक में इंजीनियर पति ने पत्नी की करी हत्या, पुलिस ने 8 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: बहरोड़ में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
विस्तार
राजस्थान: बहरोड़ में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी। घटना के कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई को शिक्षक कॉलोनी के पीछे एक महिला के मृत अवस्था में मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर आरोपी पति को पकड़ लिया। मृतका के पिता बद्रीनारायण वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी दीपिका वर्मा की शादी 22 नवंबर 2019 को धर्मेंद्र सोनी से हुई थी। शिकायत के अनुसार, घटना से एक दिन पहले दीपिका ने फोन कर बताया था कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट कर रहा है। अगले दिन उसने बताया कि पति उससे सादे कागज पर कुछ लिखवा रहा है, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। चरित्र पर शक बना हत्या की वजह पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति धर्मेंद्र सोनी अपनी पत्नी दीपिका के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने पत्नी के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के बाद आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी। हालांकि, नशे की हालत में वह अपने इस प्रयास में सफल नहीं हो सका। जांच में पुलिस को हत्या से जुड़े कई अहम सबूत मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मौत से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। सिर में खून जमा होने और गले पर निशान पाए गए। चिकित्सकों ने महिला की मौत का कारण दम घुटना बताया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र सोनी उत्तर प्रदेश के मऊ जिले का रहने वाला है और बहरोड़ स्थित एक ग्लास कंपनी में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। दीपिका और धर्मेंद्र की शादी वर्ष 2019 में हुई थी, लेकिन दोनों की कोई संतान नहीं थी। पुलिस ने आरोपी पति धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।