-
☰
UP Crime News: पिंड विसर्जन करने पहुंचे अधिवक्ता पर चाकू से किया वार, दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी से बढ़ा विवाद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सुलतानपुर के बभनगंवा घाट पुल पर पिंड विसर्जन करने पहुंचे अधिवक्ता विनय सिंह पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सुलतानपुर के बभनगंवा घाट पुल पर पिंड विसर्जन करने पहुंचे अधिवक्ता विनय सिंह पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद बताया जा रहा है कि सोमवार रात विनय सिंह अपने परिजन अभय सिंह के साथ गोमती नदी में पिंड विसर्जन के लिए बभनगंवा घाट पुल पहुंचे थे। वहां कुछ युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान पिंड विसर्जन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने विनय और अभय के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें रात में पिंड विसर्जन करने से रोकने की कोशिश की। विवाद के बीच एक युवक ने कथित तौर पर विनय सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चोट लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही उनके रिश्तेदार और गांव के लोग वहां पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार में 14 दिन पहले हुई थी दो मौतें जानकारी के मुताबिक, विनय सिंह उर्फ बाबी सिंह के पिता कृपाशंकर सिंह और बड़े भाई अजय सिंह की करीब 14 दिन पहले हृदयाघात से मौत हो गई थी। सोमवार को परिवार में तेरहवीं और भोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रात करीब नौ बजे बरखी का कार्यक्रम पूरा होने के बाद विनय अपने परिजन के साथ पिंड विसर्जन के लिए गोमती नदी के घाट पर गए थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक बाइक मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। घायल विनय को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। कोतवाली देहात के निरीक्षक धर्मवीर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मौके से मिली बाइक को कब्जे में लिया गया है। फिलहाल घटना की लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।