-
☰
मध्य प्रदेश: पेंशनर्स की समस्याओं और लंबित मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा, उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: भोपाल हित रक्षक संघ प्रदेश कार्यकारिणी और पूर्व क्षेत्र कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के बीच 17 नवंबर 2026 को द्विपक्षीय बैठक सम्पन्न हुई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: भोपाल हित रक्षक संघ प्रदेश कार्यकारिणी और पूर्व क्षेत्र कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के बीच 17 नवंबर 2026 को द्विपक्षीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, लंबित मांगों और कर्मचारियों के सेवा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में हित रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, कार्यवाहक अध्यक्ष आरडी मिश्रा, उपाध्यक्ष आशुतोष अवस्थी एवं बीएल पटेल, कोषाध्यक्ष डीके डाले, सचिव सुनील गार्गव और प्रचार सचिव आरबी बैस शामिल हुए। कंपनी की ओर से सीजीएम (एचआर) एमए कुरैशी सहित स्थापना, वित्त, पेंशन, लेखा और कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पेंशन की शासकीय गारंटी, ट्रेजरी से पेंशन भुगतान, केंद्र सरकार द्वारा घोषित दर एवं तिथि से महंगाई राहत देने, 1 जनवरी 2024 से ग्रेच्युटी की सीमा 25 लाख रुपये करने तथा मध्य प्रदेश सिविल सर्विस पेंशन नियम 2026 को अपनाने जैसे महत्वपूर्ण विषय उठाए गए। इसके अलावा वर्क चार्ज सेवा अवधि को उच्च वेतनमान की गणना में शामिल करने, चतुर्थ उच्च वेतनमान वर्ष 2016 से लागू करने और पांच वर्ष के अंतराल की शर्त हटाने की मांग की गई। पेंशनर्स को 32 माह और 27 माह के वेतन पुनरीक्षण एरियर, कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस योजना की कमियों को दूर करने, फंड जारी करने, रीइंबर्समेंट भुगतान शीघ्र करने तथा सुदूर क्षेत्रों और अन्य राज्यों में नेटवर्क अस्पताल बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। बिना नेटवर्क वाले अस्पतालों में उपचार कराने की स्थिति में भुगतान की गारंटी देने की मांग भी रखी गई। बैठक में 30 जून और 31 दिसंबर को देय इंक्रीमेंट एवं एरियर का भुगतान सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार करने, 80 वर्ष की आयु प्रारंभ होते ही अतिरिक्त पेंशन देने, कम्यूटेशन पेंशन की रिकवरी वित्त विभाग के परिपत्र के अनुसार करने और पेंशनर्स की व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान करने सहित कई अन्य मुद्दे उठाए गए। हित रक्षक संघ ने बताया कि कंपनी स्तर पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। बैठक के मिनट्स प्राप्त होने के बाद उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। संघ ने यह भी जानकारी दी कि शेष कंपनियों के साथ जल्द ही बैठकें आयोजित की जाएंगी। संघ पेंशनर्स की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयासरत है।