-
☰
मध्य प्रदेश: शराब बिक्री, जर्जर स्कूल भवन, पेयजल और सड़क सुधार सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: उमरिया मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मानपुर जनपद पंचायत के ग्राम बरबसपुर में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: उमरिया मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मानपुर जनपद पंचायत के ग्राम बरबसपुर में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसंवाद के दौरान ग्रामीण हरि सिंह ने माध्यमिक शाला चिरवाह में शराब बिक्री की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने आबकारी विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बरबसपुर उप स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्हीएस चंदेल ने बताया कि नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। वहीं, पेयजल समस्या के निराकरण के लिए पीएचई विभाग को निर्देशित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने पैतृक जमीन को धोखाधड़ी से हड़पने, सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए। मुड़गुड़ी मिडिल स्कूल और ददरौड़ी प्राथमिक स्कूल के जर्जर भवनों की शिकायत पर डीपीसी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बड़वार के छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए रथेली या घघराड़ की ओर जाने वाली सड़क को दुरुस्त कराने की मांग भी रखी गई। शिविर स्थल पर सहकारिता, स्वास्थ्य, जनजातीय कार्य विभाग, पुलिस, बैंक और राजस्व विभाग द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा, एसडीओपी पीएल परस्ते, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज एवं प्रिया अग्रवाल, जनपद सीईओ अंकित सिरौठिया, तहसीलदार अभ्यानंद शर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ. पूजा द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।