-
☰
Alwar ACB Bribe Trap: अलवर में ACB का हुआ बड़ा एक्शन, 35 हजार की रिश्वत लेते दो इंजीनियर रंगे हाथ हुए गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: राजस्थान के अलवर जिले की पंचायत समिति कठूमर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए दो इंजीनियरों को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
विस्तार
राजस्थान: राजस्थान के अलवर जिले की पंचायत समिति कठूमर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए दो इंजीनियरों को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। एसीबी ने सहायक अभियंता शिवराम को 25 हजार रुपये और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। दोनों से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक पोसवाल कंपनी ने ग्राम पंचायत में एफएसएसी योजना के तहत टेंडर के जरिए राजीव गांधी सेवा केंद्र ईटोला में मरम्मत का काम कराया था। इस कार्य का करीब 2 लाख 52 हजार रुपये का बिल पंचायत समिति कठूमर में भुगतान के लिए लंबित था। बिल का भुगतान कराने के लिए कंपनी से जुड़े परिवादी ने पंचायत समिति कार्यालय में सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान से संपर्क किया था। परिवादी की शिकायत के अनुसार, सहायक अभियंता शिवराम ने बिल पास कराने के एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। वहीं, कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान पर 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी चौकी भिवाड़ी ने 18 सितंबर को रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान दोनों अधिकारियों की ओर से कथित तौर पर रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान शिवराम ने 40 हजार रुपये की मांग की। परिवादी के राशि कम करने के आग्रह के बाद वह 35 हजार रुपये लेने पर सहमत हुआ। इसमें 10 हजार रुपये मौके पर और बाकी 25 हजार रुपये बाद में लेने की बात सामने आई। इसी तरह मिन्ना खान ने 15 हजार रुपये की मांग की और 5 हजार रुपये मौके पर लेने के बाद बाकी 10 हजार रुपये बाद में लेने पर सहमति जताई। इसके बाद एसीबी टीम ने मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शिवराम को 25 हजार रुपये और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई। ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व एसीबी चौकी भिवाड़ी के प्रभारी और कार्रवाई अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह ने किया। एसीबी के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। प्रकरण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। एसीबी टीम रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश: गरबा प्रशिक्षण कार्यक्रम में बजरंग सेना समिति ने प्रतिभागियों को बांटे गए पुरस्कार
मध्य प्रदेश: नुक्कड़ वाली माता मंदिर में संकल्प के साथ दुर्गा सप्तशती पाठ हुआ शुरू
मध्य प्रदेश: गरबा महोत्सव में बजरंग सेना समिति ने प्रतिभागियों को उपहार देकर किया सम्मानित
मध्य प्रदेश: जय मां काली मंदिर में हवन के साथ नवरात्रि पर्व का हुआ शुभारंभ, पुलिस तैनाती की हुई मांग
मध्य प्रदेश: श्याम सुंदर गोपलानी के इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने पर बैंकर्स क्लब ने किया नागरिक अभिनंदन