-
☰
छत्तीसगढ़: पतई माता को अर्पित की गई 351 मीटर लंबी चुनरी, हजारों श्रद्धालु यात्रा में हुए शामिल
- Photo by :
संक्षेप
छत्तीसगढ़: महासमुंद छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पटेवा गांव के समीप पहाड़ी पर विराजमान मां पतई माता के शारदीय नवरात्र महोत्सव के अवसर पर भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई।
विस्तार
छत्तीसगढ़: महासमुंद छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पटेवा गांव के समीप पहाड़ी पर विराजमान मां पतई माता के शारदीय नवरात्र महोत्सव के अवसर पर भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। 15 अक्टूबर 2026 को नवरात्र की पंचमी के अवसर पर आयोजित इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मां को 351 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। चुनरी यात्रा की शुरुआत जोगीडीपा स्थित सिद्ध बाबा मंदिर से हुई। यहां से श्रद्धालु करीब तीन किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए पतई माता की पहाड़ी तक पहुंचे। यात्रा के दौरान भक्त माता के भजनों पर झूमते और नाचते नजर आए। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ मां पतई माता के जयकारे लगाए तथा चुनरी अर्पित कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। आयोजन में आसपास के गांवों से महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और चुनरी यात्रा को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस धार्मिक आयोजन में गुलाब अग्रवाल, देवराज साहू, मनोहर साहू, खोम सिन्हा, सुनील शुक्ला, सुनील पटेल, हरीश देवांगन, भागीरथी साहू, दिनेश पटेल, दिलेश्वर महाराज, गोरेलाल साहू, सीताराम ध्रुव, श्यामलाल ध्रुव, प्रेमलाल यादव और आनंद अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से अध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, उपाध्यक्ष खोम सिन्हा एवं रोशन पटेल, सचिव हरीश देवांगन, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, सह सचिव शिव साहू एवं सीताराम ध्रुव और मीडिया प्रभारी पीयूष अग्रवाल (बिट्टू) ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं, संरक्षक परमेश्वर पटेल, दीपक सिन्हा और कुलेश्वर साहू सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में योगदान दिया। श्रद्धालुओं की भागीदारी और भक्तिमय माहौल के बीच मां पतई माता की चुनरी यात्रा संपन्न हुई।