-
☰
Married Woman Trafficking Allegation: तंत्र-मंत्र के बहाने पति से अलग कर 5 लाख में बेचने का लगा आरोप, 11 लोगों पर हुआ केस दर्ज
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
राजस्थान: उदयपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है।
विस्तार
राजस्थान: उदयपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। एक 26 वर्षीय विवाहिता ने अपने माता-पिता, भाई, मामा, एक तांत्रिक समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ प्रतापनगर थाने में गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि परिजनों ने लालच में आकर तंत्र-मंत्र का सहारा लिया, उसे बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंचाया, पति से अलग किया और बाद में 5 लाख रुपये लेकर दूसरे व्यक्ति के हवाले कर दिया। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2018 में हुई थी और वह अपने पति के साथ सुखद वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रही थी। आरोप है कि उसके परिजन इस रिश्ते से संतुष्ट नहीं थे। महिला का दावा है कि परिवार के लोगों ने एक तांत्रिक की मदद से पहले उस पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की। जब वह पति का साथ छोड़ने को तैयार नहीं हुई तो कथित तौर पर तंत्र-मंत्र के बहाने उसे बेसुध कर अपने साथ ले गए। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बेहोशी की हालत में उसके परिजनों ने 5 लाख रुपये लेकर उसे दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया। इसके बाद उसे राजस्थान और गुजरात के अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर रखा गया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध बंधक बनाकर रखा गया और लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हरथूनगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने बंधक बनाकर रखने के दौरान उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। साथ ही, उसके माता-पिता पर विवाह के समय मिले सोने-चांदी के आभूषण अपने पास रखने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने बताया कि काफी समय बाद उसे किसी तरह इंस्टाग्राम के माध्यम से अपने पति से संपर्क करने का अवसर मिला। सोशल मीडिया पर भेजे गए संदेश में उसने अपनी पूरी आपबीती साझा की और मदद मांगी। इसके बाद उसके पति ने उसे आरोपियों के कथित चंगुल से बाहर निकालने में सहायता की। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, विवाहिता की शिकायत के आधार पर उसके माता-पिता, भाई, मामा, तांत्रिक सहित कुल 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।