Contact for Advertisement 9354759354


Alleged Honor Killing: गर्भवती बेटी की चंबल नदी में परिजनों ने करी हत्या, पिता और जीजा हुए गिरफ्तार

- Photo by : social media

दिल्ली  Published by: Shikha , दिल्ली  Edited By: Shikha, Date: 07/08/2026 10:59:49 am Share:
  • दिल्ली
  • Published by: Shikha ,
  • Edited By.: Shikha,
  • Date:
  • 07/08/2026 10:59:49 am
Share:

संक्षेप

दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहने वाली 18 वर्षीय युवती की कथित ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है।

विस्तार

दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहने वाली 18 वर्षीय युवती की कथित ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, युवती चार महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि परिवार की बदनामी के डर से उसके पिता और जीजा उसे दवा दिलाने के बहाने आगरा के बसौनी गांव ले गए और वहां चंबल नदी में उसकी हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दवा दिलाने के बहाने आगरा ले जाने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, युवती के पिता ने पहले तिगड़ी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो पिता से पूछताछ की गई। जांच में युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन खंगाली गई, जो आगरा की मिली। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 28 जुलाई को पिता अपनी बेटी और दामाद के साथ आगरा के बसौनी गांव पहुंचा था। आरोप है कि वहां से तीनों चंबल नदी के घाट पर गए। पुलिस के अनुसार, युवती ने नदी में जाने से इनकार किया, जिसके बाद पिता और जीजा ने उसे जबरन पानी में डुबो दिया।

 गर्भवती होने की बात सामने आने के बाद रची साजिश

जांच में यह भी सामने आया कि युवती की तिगड़ी इलाके में रहने वाले एक नाबालिग लड़के से दोस्ती थी। परिवार को युवती के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों आरोपी दिल्ली लौट आए और युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी। जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों से मामले में पिता की भूमिका पर शक हुआ।

 शव की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

फिलहाल युवती का शव बरामद नहीं हो सका है। आगरा पुलिस और पीएसी के गोताखोर चंबल नदी में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं। पुलिस के अनुसार, लगातार बारिश और चंबल के बीहड़ इलाके के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जिस स्थान की निशानदेही की गई है, वहां तक पहुंचने के लिए टीम को करीब पांच किलोमीटर पैदल जाना पड़ रहा है। बारिश के कारण कई जगह वाहन पहुंचना भी मुश्किल है।

पिता और जीजा गिरफ्तार

तिगड़ी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर युवती के पिता और जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और युवती के शव की तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

Related News


Featured News